अजित कुमार रंजन
बिशुनपुरा (गढ़वा)। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को बिशुनपुरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी खगेश कुमार ने की। बैठक में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी राहुल सिंह ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिलजुल कर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक लगाने की बात कही गई। साथ ही लोगों से सार्वजनिक स्थानों, सड़क एवं बाजार क्षेत्रों में कुर्बानी नहीं करने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने को कहा तथा किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट को साझा नहीं करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, संजय चंद्रवंशी, समाजसेवी आलम बाबु, ऐनुल अंसारी, लतीफ अंसारी, अशोक पासवान, भरदुल चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में दोनों समुदायों के लोग मौजूद थे।
बकरीद पर्व को लेकर बिशुनपुरा थाना में शांति समिति की बैठक, भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील














