---Advertisement---

गोविंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

On: June 23, 2026 12:07 PM
---Advertisement---

भारी वाहनों के इस मार्ग पर चलने से,एक और मौत, लोगों ने फिर उठाए सवाल

जमशेदपुर:गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार दो लोग गोविंदपुर से एनएच-33 की ओर जाने वाली सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, घोड़ाबांधा निवासी सुखदेव गोराई (40) अपने साथी काली दास राजवाड़ के साथ बाइक पर सवार थे। अचानक पीछे से आए हाइवा की चपेट में आने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में सुखदेव गोराई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बता दें कि अभी महज कुछ दिन पहले ही भाजपा नेत्री के पुत्र की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी वह भी हाईवा की चपेट में आ गया था। इसके बाद लोगों ने खूब बवाल काटा था। सड़क पर भारी वाहनों के चलने पर सवाल उठाए थे। इसके बावजूद कार्रवाई सिफर रही और उसका नतीजा फिर से एक बार सामने आया।

वहीं दूसरी ओर सोमवार को हुए इस दुर्घटना में काली दास राजवाड़ इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गहरी चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे और वाहन को रोक लिया। इसके बाद चालक को गोविंदपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
इस दुखद घटना से घोड़ाबांधा समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now