सरायकेला-खरसावां: तामोलिया इलाके में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर गोली चला दी गई, जिससे उसके पैर में गोली लग गई। घायल युवक की पहचान काना बाबू के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गोली चलाने का आरोप जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डेन पर है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था और उसी रंजिश के चलते यह वारदात हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, साक्ष्य जुटाए और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डेन पहले से कई आपराधिक मामलों में वांछित बताया जाता है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, वहीं सीमावर्ती थाना क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि घायल युवक का बयान दर्ज करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही दोनों के बीच चल रहे पुराने विवाद और गोलीबारी के वास्तविक कारणों की भी गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।
सरायकेला:आपसी रंजिश में युवक को मारी गोली, पैर में लगी गोली, आरोपी फरार











