झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। हिंदुस्तान समाचार पत्र द्वारा आयोजित हिंदुस्तान ओलंपियाड 2025-26 में एमके इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय के साथ-साथ पूरे गढ़वा जिले का नाम रोशन किया।
विद्यालय के छात्र प्रियांशु पुष्प (कक्षा 1-ए), वैभव राज (कक्षा 2-ए) तथा अगस्त्य कुमार (कक्षा 6-ए) ने अपने-अपने वर्ग में जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीनों विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं 3,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं शाश्वत कुमार तिवारी (कक्षा 2-बी) ने जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. रे रोज ने सभी सफल विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा कि सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और आत्मविश्वास का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने यह साबित किया है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय के छात्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
प्रधानाचार्य डॉ. रे रोज ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी इन सफल छात्रों से प्रेरणा लेकर निरंतर परिश्रम करने की अपील की।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिंदुस्तान ओलंपियाड में एमके इंटरनेशनल स्कूल का जलवा, चार विद्यार्थियों ने जिले में लहराया परचम














