साइकिल वितरण में 50-50 रुपये वसूली का आरोप, बीडीओ ने लौटवाए पैसे, जांच शुरू
झारखंड वार्ता संवाददाता
धुरकी (गढ़वा)। प्रखंड के उच्च विद्यालय टाटीदीरी में साइकिल वितरण के दौरान छात्र-छात्राओं से 50-50 रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के शिक्षकों द्वारा साइकिल देने के नाम पर यह राशि ली गई। मामला सामने आते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अनुरंजन झा ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए छात्रों से वसूली गई राशि वापस कराई तथा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्रखंड कार्यालय में विद्यालय के 80 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ विद्यार्थियों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि उनसे साइकिल देने के नाम पर 50-50 रुपये लिए गए हैं। छात्रों के अनुसार यह राशि विद्यालय के शिक्षकों द्वारा वसूली गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही बीडीओ अनुरंजन झा ने विद्यालय के शिक्षक प्रमोद राम एवं पंकज कुमार को बुलाकर पूछताछ की। उन्होंने प्रभारी कल्याण पदाधिकारी नीरज कुमार से भी पूरे मामले की जानकारी ली। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सभी छात्रों को उनकी राशि वापस कराई।
बीडीओ अनुरंजन झा ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में अनियमितता या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इधर, पैसे वापस मिलने के बाद छात्र-छात्राओं ने राहत जताते हुए बीडीओ के प्रति आभार व्यक्त किया।
