CJP प्रदर्शन पर राहुल गांधी का हमला: बोले- छात्रों से माफी मांगें पीएम मोदी, अमित शाह दें इस्तीफा
झारखंड वार्ता संवाददाता
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने CJP प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा देने की मांग की।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री अब तक चुप क्यों हैं। राहुल गांधी ने कहा कि वह घायल छात्रों से मिलने भी जाएंगे।
इससे पहले राहुल गांधी ने कई विपक्षी नेताओं के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस विषय पर सरकार से चर्चा के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्र शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लंबे समय से इन मुद्दों को उठाता रहा है और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई तुरंत बंद होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए केवल शिक्षा मंत्रालय नहीं, बल्कि गृह मंत्रालय भी जिम्मेदार है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी गृह मंत्री अमित शाह पर भी बनती है और उन्हें नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष छात्रों से जुड़े मुद्दों को संसद और सड़क दोनों जगह मजबूती से उठाता रहेगा।
