एमके इंटरनेशनल स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ शरीर के लिए स्वच्छता और पौष्टिक आहार जरूरी : डॉ .अभिमन्यु
विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया से बचाव, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर पंचायत क्षेत्र के जंगीपुर स्टेशन रोड स्थित एमके इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अभिमन्यु सिंह, प्रिंसिपल डॉ. रॉय राज एवं प्रशासक रविंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें बच्चों को कई बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, एनीमिया की रोकथाम, त्वचा एवं बालों की देखभाल के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही नियमित व्यायाम एवं शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शरीर में होने वाले बदलावों को लेकर आवश्यक स्वास्थ्य जागरूकता पर भी चर्चा की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को पर्याप्त नींद लेने और समय पर भोजन करने की सलाह दी। वक्ताओं ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ पर्याप्त आराम, खेलकूद और व्यायाम भी बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को स्वस्थ आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों को लेकर जानकारी प्राप्त की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को शुरू से ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने से वे न केवल स्वयं स्वस्थ रहेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित कर सकेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षिका मंगला पाल, रेणुका सिंह, प्रिया चौबे, कुमारी कंचन गुप्ता, खुशबू प्रजापति, सविता कुमारी तथा शिक्षक विजय कुमार गुप्ता, रंजीत प्रजापति, रवि चमन, विष्णु मंडल एवं अभिजीत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
