July 26, 2026

गिरिडीह में दो चेन छिनतई का पर्दाफाश: पुलिस ने दोनों सोने की चेन कटिहार से बरामद की, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी.

337dc5a7-f7c0-4a3a-9296-6b9280a03554_1784972979756.jpg


गिरिडीह पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चेन छिनतई की दो घटनाओं का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर लिया है. विशेष जांच दल (एसआईटी) ने छीनी गई दोनों सोने की चेन को कटिहार जिले से बरामद कर लिया है. अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. ये घटनाएं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के पास और नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के पास हुईं. दोनों मामलों में बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने शाम में दो महिलाओं से सोने की चेन छीन ली थी. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया. एसआईटी टीम ने मानवीय खुफिया जानकारी, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। धनबाद, बोकारो और कटिहार जिले के कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया गया. जांच के दौरान पुलिस को कटिहार जिले के कोढ़ा थाना अंतर्गत नया टोला जुराबगंज में की गई छापेमारी में सफलता मिली. दोनों घटनाओं में छीनी गयी सोने की चेन अपराधियों के घर से बरामद कर ली गयी. मुफस्सिल थाना क्षेत्र से छीनी गयी चेन का वजन करीब 11 ग्राम और नगर थाना क्षेत्र से छीनी गयी चेन का वजन करीब 19 ग्राम है. पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.

Source link

ख़बर को शेयर करें।