जमशेदपुर: शहर में पहले से ही चापड़ बाजी से खौफ का माहौल कायम है इसी बीच अब चेन स्नेचिंग की घटनाओं ने लोगों का खौफ और बढ़ा दिया है। पिछले 36 घंटे के दौरान शहर में स्नैचिंग की तीन वारदातें सामने आने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को सोनारी और साकची में हुई घटनाओं के बाद शनिवार सुबह उलीडीह इलाके में एक 70 वर्षीय महिला बदमाशों का शिकार बन गई।
जानकारी के अनुसार, उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाईं रोड नंबर-1 स्थित साईं वाटिका के पास रहने वाली आशा रानी सारंगी रोजाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। घर लौटते समय पीछे से आए एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
पीड़िता के बेटे सुमित ने बताया कि उनकी मां प्रतिदिन सुबह टहलने जाती हैं। शनिवार को भी लौटने के दौरान बदमाश ने उनकी सोने की चेन छीन ली। उनके मुताबिक छीनी गई चेन की कीमत लगभग दो से ढाई लाख रुपये है।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक महिला का पीछा करते हुए आता है और मौका मिलते ही उनके गले से चेन झपटकर पैदल ही फरार हो जाता है।
सूचना मिलने पर उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।




