
जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस ने बालीगुमा इलाके में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार शोरूम के पास स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप समेत कई सामान बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश कुमार झा उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो बालीगुमा का ही रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुमटी की आड़ में कथित रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा था।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा इलाके में एक युवक गुमटी के जरिए नशे का कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 2 किलो 60 ग्राम गांजा, 7 बोतल प्रतिबंधित नशीली सिरप, 3,320 रुपये नकद, एक वजन मशीन और 11 पीस चिलम बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये, जबकि नशीली सिरप की कीमत करीब 2,100 रुपये बताई गई है। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से गुमटी की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



