
पाचाडुमर के समीप हादसा, एक छात्रा को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला; एसडीआरएफ टीम को दी गई सूचना, तेज बहाव के कारण खोज में परेशानी
केतार (गढ़वा)। केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के समीप सोमवार को सोन नदी में स्नान करने के दौरान तीन छात्राएं गहरे पानी में डूब गईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक छात्रा प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि जूली कुमारी (14) और खुशबू कुमारी (14) तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गईं। घटना के बाद नदी तट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने दोनों लापता छात्राओं की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जाता है कि प्रत्येक सोमवार को मां शायरी भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोन नदी में स्नान करने पहुंचते हैं। सोमवार को भी नदी तट पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ युवक-युवतियां नदी में स्नान कर रहे थे। स्नान के क्रम में तीन छात्राएं अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उन्हें डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने किसी तरह प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि जूली और खुशबू तेज धारा में बह गईं।
दोनों छात्राएं एक ही स्कूल में पढ़ती हैं
परिजनों के अनुसार लापता जूली कुमारी, पिता अरुण प्रसाद उर्फ बबलू तथा खुशबू कुमारी, पिता गिरवर ठाकुर हैं। दोनों छाताकुंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्राएं हैं। जूली कक्षा दसवीं और खुशबू कक्षा नौवीं में पढ़ती हैं।
पाचाडुमर से कधवन तक चला खोज अभियान
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी और बीडीओ प्रशांत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और नदी में चल रहे खोज अभियान का जायजा लिया। मुखिया श्यामसुंदर बैठा भी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय गोताखोरों ने पाचाडुमर से लेकर सोनवर्षा, बिजडीह, चांडीह, खैरवा और कधवन तक सोन नदी में दोनों छात्राओं की तलाश की। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण खोज अभियान में काफी परेशानी हुई। खबर लिखे जाने तक दोनों छात्राओं का पता नहीं चल सका था।
एसडीआरएफ टीम को दी गई सूचना
बीडीओ प्रशांत कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली तथा एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। उन्होंने कहा कि सोन नदी में हर वर्ष इस तरह की घटनाएं होती हैं। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों और स्नान करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। बीडीओ ने नदी तटीय क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही दोनों छात्राओं के स्वजन नदी तट पर पहुंच गए। बेटियों के लापता होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और ग्रामीणों की मौजूदगी में नदी में दोनों छात्राओं की तलाश लगातार जारी रही।







