
गढ़वा। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान व निष्पादन तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संभावित असामाजिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना स्तर पर सभी पंजियों को समय पर अद्यतन रखने, चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। चिनिया एवं नगर उंटारी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने केस डायरी में घटनाओं का स्पष्ट एवं तथ्यात्मक उल्लेख करने, न्यायिक हिरासत से हाल ही में बाहर आए अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और मिसिंग पर्सन से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। मालखाना प्रदर्श एवं NDPS से संबंधित वस्तुओं का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के साथ समन्वय बनाकर पशु तस्करी पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया गया।
गोष्ठी में नशाखोरी, बाल विवाह, डायन-बिसाही, सड़क सुरक्षा सहित सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ थाना एवं ओपी स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों में जाकर आम लोगों एवं छात्रों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने नियमित रूप से दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच करने और MV Act के तहत कार्रवाई करने को कहा। साथ ही SC/ST मामलों में मुआवजा संबंधी प्रस्ताव समय पर संबंधित विभाग को भेजने तथा सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपाय करने का निर्देश दिया।
विगत माह में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने, SC/ST एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने तथा नक्सल कांडों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया। पेट्रोलिंग पार्टी की गतिविधियों एवं भ्रमण की QR कोड के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, वारंट-कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने तथा ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध, NDPS, CCA एवं IT Act से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। अनुसंधानकर्ताओं को E-साक्ष्य पर कांडों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक के अंत में एसपी आशुतोष शेखर ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आमजनों की सुरक्षा और शिकायतों के शीघ्र समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
द्वारा: मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गढ़वा।







