
रांची: झारखंड में अगले चार दिन मौसम के तेवर बदले रहेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 से 16 अगस्त के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
13 अगस्त को इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई जिलों में गरज के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
14 अगस्त को और तेज होगी बारिश
14 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इस दिन रांची, खूंटी, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा, बोकारो और हजारीबाग सहित आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।
स्वतंत्रता दिवस पर भी मौसम रहेगा खराब
15 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही रुख जारी रहने की संभावना है। गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
16 अगस्त को फिर भारी बारिश का अनुमान
16 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान भी गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कई स्थानों पर बारिश का दौर लगातार बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि गरज और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। किसान और आम लोग मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।





