
रांची: JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है। बुधवार को इसी आंदोलन के दौरान उस समय अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक एयर गन लेकर प्रदर्शन स्थल के पास पहुंच गया। युवक पर पुलिस की नजर पड़ते ही वह मौके से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान पप्पू सम्राट के रूप में हुई है। वह हजारीबाग का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने युवक को कब्जे में लेने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही एयर गन को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र आंदोलन को देखते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक युवक को एयर गन के साथ प्रदर्शन स्थल के आसपास देखा।
पुलिस की नजर पड़ते ही युवक वहां से भागने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। युवक के पकड़े जाने के बाद कुछ देर तक आंदोलन स्थल पर लोगों के बीच भी हलचल बनी रही।
पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना पहुंची, जहां उससे एयर गन रखने और आंदोलन स्थल तक पहुंचने के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास एयर गन कहां से आई और वह इसे लेकर प्रदर्शन स्थल के पास क्यों पहुंचा था। जांच के दौरान पुलिस युवक के आने-जाने और उसके उद्देश्य से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटा रही है।



