
गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड में शिक्षक मलय सिंह के तबादले के विरोध में पिछले कई दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन गुरुवार को अचानक हिंसक हो गया। शिक्षक के तबादले को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र सड़क पर उतरकर प्रदर्शन और सड़क जाम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सड़क जाम की सूचना पर प्रखंड प्रमुख छात्रों को समझाने मौके पर पहुंचे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि प्रखंड प्रमुख ने एक विद्यार्थी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद छात्र आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और छात्रों ने प्रखंड प्रमुख की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी।
इसके बाद आक्रोशित छात्रों ने कांडी थाना परिसर की ओर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
छात्र शिक्षक मलय सिंह का तबादला रद्द करने के साथ ही घटना में कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। तनाव को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने शिक्षक का तबादला रद्द करने का आश्वासन दिया। इसके बाद गुरुवार शाम छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।






