
रांची: झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
14 अगस्त को रांची, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश, वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, गुमला और खूंटी में भारी बारिश होने की आशंका है। इन इलाकों में निचले क्षेत्रों में जलभराव, छोटे नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और यातायात प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
16 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की भी अपील की गई है। तेज हवा और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।







