
रांची: भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोकारो जिले के विश्वजीत कुमार के रूप में हुई है।
मामले में शिकायत मिलने के बाद रांची के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी करने, लोगों को भड़काने और मुख्यमंत्री को धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र, रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में आरोपी को मुख्यमंत्री के घर में घुसकर उन्हें जान से मारने और घर उजाड़ने जैसी आपत्तिजनक बातें कहते सुना गया। वीडियो के सामने आने के बाद रांची के कोतवाली थाने में सुजीत कुमार कुजूर की शिकायत पर BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद शिकायत दर्ज कर पुलिस ने वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के बाद उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी की भूमिका केवल उक्त टिप्पणी तक सीमित थी या प्रदर्शन के दौरान किसी अन्य तरह से भी उसने लोगों को उकसाया था।





