{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
आगरा: आगरा में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी से विवाद के बाद एक पिता ने अपनी 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया। हैरानी की बात यह है कि बच्ची को नदी में फेंकने से ठीक पहले आरोपी ने उसके साथ सेल्फी भी ली थी। इसके बाद जब पत्नी ने बेटी को बचाने के लिए दौड़ लगाई तो आरोपी ने उसे भी नदी में धकेलने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर पुल से गुजर रहे राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई।
घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के अकबरा पुल की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। राहगीरों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, यमुना में गिरी बच्ची की तलाश के लिए पुलिस और अन्य टीमों ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
बेटी के साथ फोटो खिंचाने के बहाने पुल पर रोकी बाइक
जानकारी के मुताबिक बलदेव के बादमगढ़ी गांव निवासी रिंकू अपनी पत्नी लक्ष्मी और 11 महीने की बेटी के साथ बाइक से आगरा जा रहा था। परिवार बच्ची के जन्मदिन से पहले उसके लिए कपड़े खरीदने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
अकबरा पुल पर पहुंचने के बाद रिंकू ने अचानक बाइक रोक दी। उसने पत्नी से कहा कि वह बेटी के साथ फोटो खिंचाना चाहता है। इसके बाद उसने मासूम बेटी के साथ सेल्फी ली। सेल्फी लेने के कुछ ही क्षण बाद उसने बच्ची को यमुना नदी में फेंक दिया।
बेटी को नदी में गिरता देख लक्ष्मी घबराकर पुल की रेलिंग की ओर दौड़ी। आरोप है कि रिंकू ने उसे भी नदी में धक्का देने की कोशिश की। लक्ष्मी के चीखने-चिल्लाने पर पुल से गुजर रहे लोगों की नजर घटना पर पड़ी और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने पत्नी को बचाया, आरोपी की पिटाई
महिला ने राहगीरों को बताया कि उसके पति ने उनकी मासूम बेटी को यमुना में फेंक दिया है और अब उसे भी नदी में धकेलने की कोशिश कर रहा है। यह सुनकर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पहले लक्ष्मी को उससे छुड़ाया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने रिंकू की पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी ने भी लोगों से उलझने की कोशिश की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रिंकू को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
यहां देखें वीडियो
तीन दिन बाद था बच्ची का जन्मदिन
लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी का जन्मदिन 17 अगस्त को था। वह अपनी इकलौती बेटी के जन्मदिन की तैयारी कर रही थी। उसने बताया कि रिंकू ने ही आगरा चलकर बच्ची के लिए कपड़े खरीदने की बात कही थी।
लक्ष्मी के मुताबिक, पिछले दो-तीन दिनों से रिंकू के व्यवहार में बदलाव नजर आ रहा था। वह बच्ची के साथ अचानक बहुत ज्यादा प्यार जताने लगा था। उसे क्या पता था कि उसके पति के मन में मासूम बेटी को लेकर इतना खौफनाक कदम उठाने की योजना चल रही है।
महिला ने बताया कि अकबरा पुल पर रिंकू ने बेटी के साथ फोटो लेने की बात कही और इसके बाद उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख सामने आ गया।
दहेज प्रताड़ना का भी लगाया आरोप
लक्ष्मी ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उसे कथित तौर पर दहेज के लिए परेशान किया जाता था।
लक्ष्मी के अनुसार, कुछ समय बाद ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया था। करीब छह महीने तक वह अपने मायके गांव जाटोली कदमी, डीग, भरतपुर में रही। बाद में पति उसे वापस घर लेकर आया।
महिला का आरोप है कि रिंकू बेटी के जन्म से खुश नहीं था और अक्सर बच्ची को लेकर विवाद करता था।
यमुना में बच्ची की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने यमुना नदी में बच्ची की तलाश शुरू कराई है। नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
उधर, मासूम बेटी के नदी में चले जाने के बाद मां लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अपनी बेटी को याद कर रही है। परिवार और आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश के साथ ही मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




