
चतरा: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 1050 किलो अवैध अफीम डोडा बरामद किया है। अफीम डोडा को 85 बोरियों में छिपाकर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा।
एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप चतरा के रास्ते बाहर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिमरिया SDPO नागर गोजे शुभभ भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने चतरा-बगरा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान लमटा के पास एक संदिग्ध ट्रक (पंजीकरण संख्या-PB-10JE-1077) को रोककर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई 85 बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर इनमें अफीम डोडा भरा हुआ मिला। वजन कराने पर कुल मात्रा करीब 1050 किलो पाई गई।
पुलिस के मुताबिक बरामद अफीम डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि मादक पदार्थ की उक्त खेप रांची के बुंडू इलाके से पंजाब ले जाई जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंजाब के संगरूर जिले के मंगलवाल गांव निवासी सतपाल सिंह के पुत्र दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसका एक अन्य साथी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अफीम डोडा के सप्लायर, परिवहन व्यवस्था और पंजाब में इसकी खेप प्राप्त करने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और जांच के आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान हो सकती है।
पुलिस ने ट्रक और बरामद 1050 किलो अफीम डोडा को जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




