
मेरठ: पल्लवपुरम फेस-2 स्थित ‘आयुर्वेदा एंड नेचुरल सेंटर’ में रविवार सुबह 26 वर्षीय महिला डॉक्टर खुशहाली का शव मिलने से सनसनी फैल गई। डॉक्टर का शव उनके ही क्लीनिक के अंदर एक कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई गई। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर खुशहाली रविवार सुबह करीब 6:15 बजे अपने घर से क्लीनिक के लिए निकली थीं। करीब 10:30 बजे उनका भाई रजत किसी काम से क्लीनिक पहुंचा। अंदर कमरे में बहन का शव देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। भाई रजत का आरोप है कि खुशहाली की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में शव के हाथ बंधे होने के दावे की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, क्लीनिक में सामान व्यवस्थित मिला और किसी तरह की तोड़फोड़ या जबरन प्रवेश के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
जनवरी में हुई थी शादी, विवाद के बाद मायके में रह रही थी डॉक्टर
खुशहाली की शादी जनवरी 2026 में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए टीपीनगर निवासी आयुर्वेदिक डॉक्टर मयंक चौधरी से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। आरोप है कि मयंक ने खुद और खुशहाली के नाम पर 10 लाख रुपये से अधिक का लोन लिया था और अतिरिक्त लोन लेने का दबाव बना रहा था।
परिजनों के मुताबिक, 29 जुलाई की रात मारपीट की घटना के बाद खुशहाली किसी तरह वहां से निकलकर बागपत रोड पहुंची थीं। इसके बाद भाई उन्हें अपने साथ मायके ले आया था। तब से वह मायके में रह रही थीं और अपना क्लीनिक चला रही थीं।
दो साल पहले छोड़ी थी BSF की नौकरी
डॉक्टर खुशहाली पहले BSF में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थीं। करीब दो साल पहले उन्होंने नौकरी छोड़कर आयुर्वेदिक चिकित्सा की प्रैक्टिस शुरू की थी। करीब 10 महीने पहले उन्होंने पल्लवपुरम फेस-2 में अपना क्लीनिक शुरू किया था। उनके पिता BSF में सब-इंस्पेक्टर के पद पर हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। वहीं, भाई रजत कृषि विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीओ दौराला शिव ठाकुर के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। क्लीनिक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर खंगाली जा रही है, ताकि डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचने के बाद वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान हो सके।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। क्लीनिक के स्टाफ, पति मयंक चौधरी और ससुराल पक्ष से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही डॉक्टर की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





