
रांची: भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री और झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बुधवार को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए भाजपा के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के नारों से एयरपोर्ट परिसर गूंज उठा।
स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मोर्चों के नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और पार्टी समर्थक भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने डॉ. वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय जिम्मेदारी को बताया बड़ी जवाबदेही
रांची पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री का पद केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि यह झारखंड के उन कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण का भी सम्मान है, जिन्होंने वर्षों से संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर बड़ी जिम्मेदारी हासिल कर सकता है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में राष्ट्रीय मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन को और मजबूत करना होगी।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संगठन के काम को ज्यादा व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे।
कार्यकर्ताओं के स्वागत को लेकर भी डॉ. वर्मा ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास उनके लिए बड़ी ताकत है और यही उत्साह उन्हें आगे और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है।
प्रतियोगी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर सरकार पर निशाना
एयरपोर्ट पर बातचीत के दौरान डॉ. वर्मा ने झारखंड में छात्रों के आंदोलन और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि छात्रों के लगातार आंदोलन और दबाव के बाद संबंधित परीक्षा को रद्द तो कर दिया गया, लेकिन पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने से सरकार पीछे क्यों हट रही है, यह सवाल बना हुआ है।
डॉ. वर्मा के मुताबिक राज्य के छात्र और युवा निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को जांच से बचने के बजाय पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को लगता है कि मामले में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है तो निष्पक्ष जांच होने देने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। जांच के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं।
‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि भाजपा झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य को लेकर सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों की चिंताओं का जवाब दे और परीक्षा से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराए। यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलको, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो, नगर अध्यक्ष वरुण साहू, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, मीडिया सह प्रभारी अजय राय, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, केके गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक राज, जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत, ललित ओझा, अमित चरण, विजय साहू, जितेंद्र वर्मा और संजय जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





