
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय किशोरी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। किशोरी की हत्या से पहले उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया गया। उसे दर्द देने के लिए दोनों पैरों में तीन-तीन बड़ी कीलें ठोंकी गई थीं। कीलें इतनी लंबी थीं कि पैर के आर-पार निकल सकती थीं। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
मामला अलीगंज थाना क्षेत्र के अनिरुद्धपुर गौटिया गांव का है। बताया जा रहा है कि छात्रा 28 जुलाई से लापता थी। उसके गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध थे। कई दिनों तक छात्रा से संपर्क नहीं होने पर युवक को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने 16 अगस्त को एसएसपी अनुराग आर्य को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। छात्रा के प्रेमी ने पुलिस को बताया कि उसकी प्रेमिका की हत्या कर दी गई है और शव को खेत में छिपा दिया गया है। इस सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सबसे पहले परिवार के रवैये पर शक हुआ।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा के 28 जुलाई से लापता होने के बावजूद परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। न ही परिवार की ओर से उसके अचानक गायब होने की कोई स्पष्ट जानकारी दी गई थी। यह बात पुलिस को संदिग्ध लगी और जांच का दायरा परिवार के सदस्यों तक पहुंच गया। जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के चाचा जय प्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने छात्रा की हत्या की बात स्वीकार कर ली। किशोरी के चाचा की निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी कक्षा 10 की छात्रा थी। किशोरी का संयुक्त परिवार है, जिसमें उसके पिता, चाचा समेत परिवार के अन्य सदस्य एक साथ रहते हैं। 28 जुलाई की शाम प्रेमी के साथ रहने को लेकर किशोरी का परिजनों से विवाद हो गया। परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने साफ कह दिया कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी और जिसे जो करना है, कर ले। इसके बाद चाचा जय प्रकाश ने कथित तौर पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की गई। रात में ही परिवार के 12 बीघा खेत में करीब आठ फीट गहरा गड्ढा खोदा गया और शव को उसमें दफना दिया गया। शव जल्दी गलाने के लिए गड्ढे में कई किलो नमक भी डाला गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली के जिलाधिकारी से अनुमति ली। इसके बाद भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में बताए गए खेत में खुदाई शुरू कराई गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद खेत से छात्रा का शव बरामद कर लिया गया।
बुधवार को पैनल और वीडियोग्राफी के बीच किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। पता चला कि हत्या से पहले किशोरी को प्रताड़ित किया गया था। उसके दोनों पैरों में कीलें ठोंकी गई थीं। डॉक्टरों को उसके पैरों से करीब चार-चार सेंटीमीटर लंबी छह कीलें मिलीं, जिन्हें पुलिस ने सील कर सुरक्षित रख लिया है। शव करीब 90 प्रतिशत तक गल चुका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, नमक डाले जाने के कारण शव के गलने की प्रक्रिया और तेज हो गई। शरीर के अधिक सड़ जाने की वजह से मौत की स्पष्ट वजह का पता नहीं चल सका। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। पहचान की प्रक्रिया के लिए डीएनए सैंपल भी लिया गया है और स्लाइड तैयार की गई है।
जांच के दौरान किशोरी के गले में गमछे की गांठ के अलावा दुपट्टा भी कई बार लिपटा हुआ मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम से जुड़े सभी साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत नहीं मिलने की स्थिति में भी पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई करेगी और पूरे मामले की जांच की जाएगी।







