
रामगढ़: जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। रामगढ़ वन क्षेत्र के गोबरदरहा इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हाथियों के झुंड के करीब जाना एक युवक को भारी पड़ गया । नवजात हाथी के बच्चे को देखने जुटी भीड़ से नाराज हथिनी अचानक बौखला गई और लोगों को दौड़ा दिया। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को हथिनी ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के पुन्नू गांव निवासी यशवंत महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यशवंत रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में काम करता था।
नवजात बच्चे को देखने जुटी थी भीड़
जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड में एक हथिनी ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है। नवजात हाथी को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई थी। कई लोग हाथियों के बेहद करीब जाकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने लगे। भीड़ की आवाज और लगातार हो रहे शोर से हथिनी अचानक आक्रामक हो गई। हथिनी ने जैसे ही लोगों की तरफ दौड़ लगाई, वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाकर पैदल भागने लगे। इसी दौरान यशवंत भी वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। वह बाइक से आया था, लेकिन भागने के दौरान उसकी बाइक गिर गई। यशवंत संभलकर वहां से निकल पाता, इससे पहले ही हथिनी उसके पास पहुंच गई और उसे पैरों से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हाथी के हमले का खौफनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों के बीच अफरा-तफरी और हाथी से बचकर भागते लोगों को देखा जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
10 दिनों में चार मौतें
रामगढ़ वन प्रमंडल के गोला और रामगढ़ वन क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों के दौरान हाथियों के झुंड से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद निगरानी और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
वहीं, वन विभाग की ओर से लोगों से हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। विभाग का कहना है कि जंगली हाथियों के नजदीक जाना, उन्हें घेरना, शोर करना या मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश करना बेहद खतरनाक हो सकता है।
ग्रामीणों ने की मुआवजे और सुरक्षा की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही मृतक यशवंत महतो के परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग भी उठ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के झुंड की मौजूदगी वाले इलाकों में लोगों को रोकने के लिए वन विभाग को सक्रिय रूप से निगरानी करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







