
संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तिसगांव इलाके के खावड्या पहाड़ पर 18 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की। उसे रोकने के दौरान उसके पिता भी पहाड़ से नीचे गिर गए। पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने गिरता देख मां ने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान देवलाई निवासी 18 वर्षीय कुणाल चंदगुड़े, उसके पिता मुरलीधर चंदगुड़े और मां संगीता चंदगुड़े के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
तीन घंटे तक युवक को समझाते रहे परिवार और गांव के लोग
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कुणाल अपने माता-पिता के साथ खावड्या पहाड़ पर पहुंचा था। मोबाइल फोन (आईफोन) की मांग को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसके बाद युवक आत्महत्या करने की बात कहते हुए पहाड़ के किनारे पहुंच गया।
कुणाल को रोकने के लिए परिवार के साथ गांव के कई लोग भी मौके पर पहुंच गए। करीब तीन घंटे तक उसे समझाने और वापस घर चलने के लिए मनाने की कोशिश की गई। लोगों ने उसे उसके भविष्य और माता-पिता के बारे में सोचने की सलाह दी। हालांकि, युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
वह लगातार यही कह रहा था कि अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। परिवार और ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद वह पहाड़ के किनारे से हटने को तैयार नहीं हुआ।
बेटे को बचाने आगे आए पिता, बिगड़ा संतुलन
शुरुआत में कुणाल के पिता नीचे से ही उसे दूर हटने और सुरक्षित जगह आने के लिए समझाते रहे। लेकिन जब काफी देर तक युवक नहीं माना तो वह भी पहाड़ के ऊपर उसके पास पहुंच गए। मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि पिता शायद बेटे को समझाकर वापस ले आएंगे। इसी दौरान आखिरी 15-20 मिनट में मुरलीधर ने कुणाल को पकड़कर पीछे खींचने की कोशिश की। इसी कोशिश में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र पहाड़ से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पति और बेटे को गिरते देख मां ने भी लगा दी छलांग
मां संगीता ने अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को पहाड़ से नीचे गिरते देखा। बताया जा रहा है कि इस सदमे के बाद उन्होंने भी उसी जगह के पास से पहाड़ से छलांग लगा दी, जहां से पिता-पुत्र नीचे गिरे थे। उनकी भी मौत हो गई। इस तरह कुछ ही पलों के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक के बाद एक तीन लोगों के पहाड़ से नीचे गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक आखिर किस वजह से इतना परेशान था कि उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश की। प्रारंभिक जानकारी में मोबाइल फोन को लेकर माता-पिता से विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस बेटे को बचाने के लिए पिता ने अपनी जान जोखिम में डाली, उसी हादसे में पिता की भी मौत हो गई और बेटे-पति को खोने के बाद मां ने भी अपनी जान दे दी।




