
मझिआंव: थाना क्षेत्र के चंद्री (सोलह बिगहवा टोला) गांव निवासी 35 वर्षीय सोनल कुमार जायसवाल की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव पलामू जिले के उंटारी रोड स्थित एक शराब दुकान के पास पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सोनल को मझिआंव रेफरल अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मझिआंव पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, घटना के बाद उंटारी रोड थाना पुलिस भी मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है।
बताया गया कि मृतक के दाहिने हाथ, कंधे समेत शरीर के कुछ अन्य हिस्सों पर जलने अथवा फोड़ा-फुंसी जैसे निशान मिले हैं। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि उन पर गर्म पानी डाला गया होगा। हालांकि, इन चर्चाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि सोनल शराब का सेवन करते थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सोनल कुमार जायसवाल, मझिआंव के उत्क्रमित हाई स्कूल में कार्यरत शिक्षिका सीमा जायसवाल के बड़े पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियां अपनी दादी के स्कूल में पढ़ती हैं। बड़ी बेटी 7 वर्ष की है और कक्षा एक में, जबकि छोटी बेटी 6 वर्ष की है और कक्षा दो में पढ़ती है।
मृतक का विवाह विंढमगंज में हुआ था। उनका परिवार मूल रूप से बरडीहा प्रखंड मुख्यालय का रहने वाला है, लेकिन कई वर्षों से मझिआंव में मकान बनाकर रह रहा था। सोनल की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।






