{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
रांची: धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी के मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय की ओर से बुधवार को धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को पत्र भेजकर बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में नामजद विधायक समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पांच दिनों के भीतर सुनिश्चित करने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर राज्यभर में आंदोलन किया जाएगा।
एसोसिएशन ने अपने पत्र में SSP से मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं तत्काल पूरी करने और पांच दिनों के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रियों, मुख्य सचिव, गृह विभाग के प्रधान सचिव और पुलिस महानिरीक्षक समेत अन्य वरीय अधिकारियों को भी भेजी गई है।
पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, घटना 21 अगस्त की रात की है। आरोप है कि विधायक जयराम कुमार महतो के मोबाइल नंबर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी पुअनि रवि कुमार के मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल की गई थी। बातचीत के दौरान थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकी दी गई।
एसोसिएशन का आरोप है कि इसके बाद देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यालय की मेज पर रखे सामान को इधर-उधर किया गया और कुछ सामान को नुकसान पहुंचाया गया।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कहा है कि इस घटना को लेकर धनबाद के साथ-साथ पूरे राज्य के पुलिसकर्मियों में नाराजगी है। एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के प्रति लगातार अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पत्र में यह भी दावा किया गया है कि थाना प्रभारी को ड्यूटी से बाहर रहने के दौरान कथित रूप से ‘सबक सिखाने’ की बात कही गई। एसोसिएशन ने इसे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन ने SSP को दिए पत्र में पांच दिनों की समयसीमा तय करते हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तय अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य की विभिन्न शाखाओं और पुलिस एसोसिएशन के सदस्यों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।







