
Asian Games 2026 Cricket Schedule: जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का शेड्यूल जारी हो गया है। टूर्नामेंट में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों की नजरें गोल्ड मेडल पर होंगी। भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत सीधे क्वार्टरफाइनल मुकाबले से करेगी, जबकि महिला टीम 18 सितंबर को अपना पहला मैच खेलेगी।
एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है। वहीं बाकी छह टीमों को प्रीलिमिनरी राउंड में खेलना होगा।
भारतीय पुरुष टीम 28 सितंबर को क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेलेगी। इस मैच में भारत का सामना ग्रुप-A की उपविजेता टीम से होगा। फिलहाल यह तय नहीं है कि भारत के सामने कौन सी टीम होगी।
प्रीलिमिनरी राउंड में छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-A में अफगानिस्तान, नेपाल और मेजबान जापान को रखा गया है, जबकि ग्रुप-B में हॉन्गकॉन्ग, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
पुरुष क्रिकेट का शेड्यूल
24 से 26 सितंबर: प्रीलिमिनरी राउंड के मुकाबले
28 सितंबर: क्वार्टरफाइनल-1: पाकिस्तान बनाम ग्रुप-B की उपविजेता
क्वार्टरफाइनल-2: भारत बनाम ग्रुप-A की उपविजेता
29 सितंबर: क्वार्टरफाइनल-3: श्रीलंका बनाम ग्रुप-A की विजेता
क्वार्टरफाइनल-4: बांग्लादेश बनाम ग्रुप-B की विजेता
1 अक्टूबर: दोनों सेमीफाइनल
3 अक्टूबर: ब्रॉन्ज मेडल मैच और फाइनल
भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ फाइनल में संभव
एशियन गेम्स के इस ड्रॉ में भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में रखा गया है। ऐसे में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच मुकाबला तभी हो सकता है, जब दोनों टीमें फाइनल तक पहुंचें। यानी क्रिकेट फैंस को भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए 3 अक्टूबर तक इंतजार करना पड़ सकता है।
18 सितंबर को जापान से भिड़ेगी भारतीय महिला टीम
महिला क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत पुरुष प्रतियोगिता से पहले 17 सितंबर से होगी। इसमें भारत के अलावा श्रीलंका, मलेशिया, बांग्लादेश, पाकिस्तान, चीन, थाईलैंड और जापान समेत अन्य टीमें हिस्सा लेंगी।
भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 18 सितंबर को जापान के खिलाफ करेगी। इसके बाद टूर्नामेंट नॉकआउट चरण में पहुंचेगा और 20 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे।
महिला क्रिकेट का शेड्यूल
17 सितंबर: बांग्लादेश बनाम चीन, पाकिस्तान बनाम थाईलैंड
18 सितंबर: श्रीलंका बनाम मलेशिया, भारत बनाम जापान
20 सितंबर: दोनों सेमीफाइनल
22 सितंबर: ब्रॉन्ज मेडल मैच और फाइनल
दोनों टीमों का स्क्वॉड
पुरुष टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह।
महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव, नंदनी शर्मा।




