
गिरिडीह: जेएसएससी-सीजीएल (JSSC-CGL) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितता की जांच कर रही झारखंड CID ने गुरुवार देर रात गिरिडीह जिले में बड़ी कार्रवाई की। रांची से पहुंची CID की टीम ने स्थानीय बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से बेंगाबाद चौक स्थित एक मिठाई दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान परीक्षा में सफल रहे ASO (असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर) समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के लिए टीम उसे अपने साथ रांची ले गई।
जानकारी के मुताबिक, समीर रांची से छुट्टी लेकर रक्षाबंधन के मौके पर बेंगाबाद आया था। वह अपने परिवार के साथ बेंगाबाद चौक स्थित अपनी मिठाई की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान देर रात CID की टीम वहां पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के बाद CID अधिकारियों ने समीर को हिरासत में लिया और उसे रांची ले गए। कार्रवाई के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई।
हालांकि, CID की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि समीर को जांच के किस विशेष बिंदु या किस आरोप के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है। इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि उनकी भूमिका क्या है। एजेंसी की पूछताछ के बाद ही मामले में उनकी स्थिति और भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान समीर से जुड़े कुछ सामान और मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच CID तेजी से आगे बढ़ा रही है। 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित गड़बड़ी को लेकर जांच जारी है।
इसी मामले में CID ने गुरुवार को दिल्ली से सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को भी गिरफ्तार किया है।





