{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
कानपुर: रक्षाबंधन के दिन कानपुर में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार को घर के आंगन में अचानक जमीन धंसने से 18 वर्षीय युवती करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवती को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान पुरवामीर गांव निवासी यशी सविता के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, रक्षाबंधन को लेकर घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान यशी पूजा की थाली लेकर अपने माता-पिता को बुलाने के लिए घर के आंगन की तरफ गई थी। वह जैसे ही आंगन में पहुंची, अचानक उसके पैरों के नीचे की जमीन धंस गई। देखते ही देखते मिट्टी के साथ यशी गहरे गड्ढे में समा गई। अचानक हुए हादसे से परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और युवती को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। गड्ढा काफी गहरा होने और आसपास की मिट्टी के लगातार खिसकने की आशंका के चलते बचाव अभियान में काफी सावधानी बरतनी पड़ी। बाद में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। टीमों ने पहले आसपास की मिट्टी को सुरक्षित तरीके से हटाया, ताकि बचाव अभियान के दौरान दोबारा जमीन न धंसे। कई घंटे की मशक्कत के बाद करीब 20 फीट नीचे फंसी यशी को बाहर निकाला जा सका। युवती को बाहर निकालते ही तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले घर के आंगन में बोरिंग कराई गई थी। हालांकि, उस स्थान पर बोरिंग सफल नहीं हुई थी। इसके बाद परिवार ने दूसरी जगह बोरिंग कराई थी। परिवार को आशंका है कि पुराने बोरिंग वाले हिस्से के कारण जमीन अंदर से कमजोर हो गई होगी। हाल में हुई बारिश के कारण मिट्टी के और कमजोर होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, जमीन अचानक धंसने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार और मातम का माहौल हो गया। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है।







