
गुमला: जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां एक पुत्र ने अपनी 70 वर्षीय मां की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान तेतरी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोपी पुत्र परदेसिया महतो को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जुआ खेलने के लिए पैसे मांगना और मां द्वारा पैसे देने से इनकार करना सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, परदेसिया महतो ने अपनी मां तेतरी देवी से जुआ खेलने के लिए पैसे मांगे थे। मां ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में परदेसिया ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण तेतरी देवी वहीं गिर पड़ीं। आरोप है कि इसके बाद भी परदेसिया नहीं रुका। उसने हंसुआ से मां की गर्दन पर वार कर दिया। धारदार हथियार के प्रहार से तेतरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव खेत में फेंका
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि मां की मौत के बाद उसने घटना को छिपाने का प्रयास किया। वह शव को घर से बाहर निकालकर बगल के खेत में ले गया और वहां फेंक दिया। इसके बाद घर में जहां-जहां खून के धब्बे लगे थे, वहां गोबर और पानी डालकर साफ किया। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को भी धो दिया, ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें।
इसी बीच कुछ ग्रामीणों की नजर घर के समीप खेत में खून से लथपथ पड़ी तेतरी देवी पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना घाघरा थाना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी परदेसिया महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है।
मृतका के परिजनों के अनुसार, परदेसिया जुआ खेलने का आदी था और घटना के समय भी वह अपनी मां से पैसे की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर उसने कथित तौर पर नशे की हालत में धारदार हथियार से मां पर हमला कर दिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथियारों और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।







