{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
नोएडा: उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी गांव में छह साल की बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 32 वर्षीय बलराज उर्फ बल्ला नामक युवक को गिरफ्तार किया था। शनिवार शाम हथियार बरामद कराने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर छिपाकर रखी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल के भी घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, हल्दौनी गांव निवासी एक हलवाई की छह वर्षीय बेटी गांव के पास स्थित सरकारी स्कूल में कक्षा एक में पढ़ती थी। शुक्रवार, 28 अगस्त की दोपहर बच्ची अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच टीमों का गठन किया। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान एक फुटेज में बच्ची पड़ोस में रहने वाले बलराज के साथ जाती दिखाई दी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे के सीसीटीवी फुटेज में बच्ची बलराज के साथ जाती दिखाई दी। दोनों एक मकान के भीतर जाते नजर आए। इसके बाद शाम करीब पांच बजे के दूसरे सीसीटीवी फुटेज में बलराज एक बोरी लेकर जाता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस का शक बलराज पर गहराया। बताया जा रहा है कि बलराज बच्ची के चाचा के मकान में किराए पर रहता था और परिवार से पहले से परिचित था। परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
पुलिस ने शनिवार दोपहर बलराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन बाद में उसने बच्ची को अगवा करने, उसके साथ दुष्कर्म करने और हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर खेत में फेंकने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत से बोरी में बंद बच्ची का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमॉर्टम किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान बलराज ने पहले चाकू के बारे में जानकारी दी थी। शनिवार शाम करीब पांच बजे पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर वहां छिपाकर रखी पिस्टल निकाल ली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
इस घटना में हेड कांस्टेबल रवि कुमार के हाथ में गोली लगी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें बलराज घायल हो गया। इसके बाद बलराज और घायल हेड कांस्टेबल रवि कुमार को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बलराज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।







