
गढ़वा: जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र स्थित भोजपुर गांव में महिला को डायन-बिसाही बताकर मारपीट करने और उसके शरीर पर खौलता हुआ पानी डालकर प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में प्रमिला देवी (52), दया उरांव (68), गया उरांव (70), सोनू उरांव (24), बिकेश उरांव उर्फ बिकाश उरांव (28) और श्रद्धा देवी (50) शामिल हैं। सभी भोजपुर गांव के निवासी हैं।
मारपीट के बाद शरीर पर डाला था खौलता पानी
बताया गया कि 22 अगस्त की शाम भोजपुर गांव निवासी विशुनदेव उरांव की पत्नी दिलबसिया देवी (55) के साथ उसके पट्टीदारों द्वारा कथित तौर पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के बाद उसके शरीर पर खौलता हुआ गर्म पानी डालकर उसे प्रताड़ित किया गया। घटना के बाद पीड़िता गंभीर रूप से झुलसने के कारण दर्द से तड़पती हुई किसी तरह सड़क तक पहुंची थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच के बाद छह आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अंधविश्वास से दूर रहने की अपील
इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने लोगों से डायन-बिसाही और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी महिला या पुरुष को डायन बताकर प्रताड़ित करना अथवा उसके साथ हिंसा करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि डायन-बिसाही के नाम पर प्रताड़ना या हिंसा की कोई घटना सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी।






