
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अर्हता धारक पद हेतु) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को निरस्त कर दिया है।
JSSC की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार ने पत्र संख्या 4919, दिनांक 29 जुलाई 2026 के माध्यम से विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 के अंतर्गत विज्ञापित सभी अधियाचनाएं वापस ले ली हैं। विभाग की ओर से अधियाचनाएं वापस लिए जाने के बाद आयोग ने दोनों विज्ञापनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है।
इंटरमीडिएट स्तर की इस संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कई महत्वपूर्ण पदों पर अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रस्तावित थी। कुल 864 पदों (863 नियमित और 1 बैकलॉग) पर नियुक्ति के लिए राज्य के लाखों अभ्यर्थी पिछले तीन सालों से परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। इनमें मुख्य रूप से निम्नवर्गीय लिपिक (LDC), कार्यालय सहायक-सह-लेखापाल, लेखा लिपिक, लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर तथा स्टेनोग्राफर/निजी सहायक जैसे पद शामिल थे। इन पदों पर नियुक्ति की उम्मीद लगाए अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे। अब आयोग की ओर से विज्ञापन ही निरस्त किए जाने के बाद उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
हालांकि, मौजूदा विज्ञापनों के निरस्त होने का यह अर्थ नहीं है कि भविष्य में इन पदों पर भर्ती की संभावना पूरी तरह समाप्त हो गई है। यदि झारखंड सरकार की ओर से भविष्य में नए सिरे से रिक्तियों की अधियाचनाएं भेजी जाती हैं, तो JSSC द्वारा इंटरमीडिएट स्तर के पदों के लिए नई भर्ती अधिसूचना जारी की जा सकती है और अभ्यर्थियों से दोबारा आवेदन आमंत्रित किए जा सकते हैं।





