
Ranchi University PhD Admission: रांची विश्वविद्यालय ने विभिन्न विश्वविद्यालय विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों में पीएचडी शोध में प्रवेश के लिए 331 सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। पीएचडी में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
इस बार विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आवेदन के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा और प्रवेश परीक्षा भी आयोजित नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग के बाद साक्षात्कार के माध्यम से चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी विवरण के अनुसार मानविकी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान समेत विभिन्न विषयों में पीएचडी की सीटें उपलब्ध हैं। इनमें सबसे अधिक 30 सीटें जंतुविज्ञान विषय में हैं, जबकि मुंडारी में केवल एक सीट उपलब्ध है।
कुल 331 सीटों में आरक्षण व्यवस्था के तहत अलग-अलग श्रेणियों के लिए सीटों का निर्धारण किया गया है। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 153 सीटें, ईडब्ल्यूएस के लिए 16, एसटी के लिए 85, एससी के लिए 34, बीसी-1 के लिए 30 और बीसी-2 के लिए 13 सीटें निर्धारित हैं।
विश्वविद्यालय ने इस बार पीएचडी प्रवेश की पात्रता में भी महत्वपूर्ण प्रावधान किया है। चार वर्षीय/आठ सेमेस्टर वाले स्नातक ऑनर्स विद रिसर्च करने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों को पूरा करने पर पीएचडी के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पीएचडी में आवेदन के लिए सामान्यतः संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। वहीं चार वर्षीय स्नातक ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च की डिग्री के आधार पर पीएचडी में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए 75 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में UGC/CSIR-NET, JRF, GATE तथा अन्य समकक्ष परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा नहीं होने के कारण चयन प्रक्रिया मुख्य रूप से पात्र अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और उसके बाद होने वाले साक्षात्कार पर आधारित होगी।
विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार NET/JRF समेत विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का संबंधित विभाग में साक्षात्कार होगा और इसी प्रक्रिया के आधार पर आगे मेरिट एवं चयन सूची तैयार की जाएगी।
ऑनलाइन/निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित विभाग में जमा करनी होगी। इसके अलावा आवेदन पत्र और आवश्यक प्रमाण-पत्रों की स्कैन कॉपी डायरेक्टर रिसर्च के नाम निर्धारित ई-मेल पर भेजना भी अनिवार्य किया गया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि पीएचडी आवेदन की हार्ड कॉपी रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय में जमा नहीं होगी। अभ्यर्थियों को इसे संबंधित विश्वविद्यालय विभाग में ही जमा करना होगा।
रांची विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश के लिए पूरा कैलेंडर भी जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 16 सितंबर 2026 को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी। यदि किसी अभ्यर्थी को चयन/शॉर्टलिस्टिंग से संबंधित आपत्ति है तो 17 और 18 सितंबर 2026 को ऑनलाइन ग्रीवांस दर्ज कराया जा सकेगा। ग्रीवांस के निस्तारण के बाद 21 सितंबर 2026 को इंटरव्यू के लिए फाइनल सूची जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय के कैलेंडर के मुताबिक संबंधित विभागों में पीएचडी के लिए 24 से 29 सितंबर 2026 के बीच इंटरव्यू आयोजित किए जाने की संभावना है। इसके बाद 30 सितंबर 2026 को मेरिट के साथ चयन सूची जारी की जाएगी।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित विभाग के डीआरसी (Departmental Research Council) चेयरमैन द्वारा शोधार्थियों को सुपरवाइजर आवंटित किया जाएगा। इसके लिए 1 से 8 अक्टूबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।
सुपरवाइजर आवंटन के बाद चयनित पीएचडी स्कॉलर्स के लिए सिनोप्सिस तैयार करने और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 24 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद पीएचडी कोर्स वर्क की संभावित अवधि 2 जनवरी से 30 जून 2027 तक निर्धारित की गई है।







