
गढ़वा: जिले में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार पिकअप वाहन और टेंपो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। मृतका की पहचान रंका थाना क्षेत्र के लोटो गांव निवासी छठू भुइयां की पत्नी धनवा देवी (41) के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, धनवा देवी समेत सभी लोग रंका थाना क्षेत्र के उचरी गांव से छत्तीसगढ़ स्थित बचछराजकुंवर मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। बुधवार को पूजा के बाद सभी लोग टेंपो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गढ़वा-गोदरमाना मुख्य मार्ग पर भंवरी गांव के पास सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार धनवा देवी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने धनवा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल लोगों का इलाज जारी है। घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में शामिल पिकअप वाहन और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।





