
गढ़वा: गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा रोड से चोरी हुआ महिंद्रा ट्रैक्टर बिहार के रोहतास जिले के सासाराम स्थित ताराचंडी मंदिर के पार्किंग स्थल से बरामद किया गया है। गढ़वा पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें रोहतास जिले का एक और गढ़वा जिले के दो आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, दो सितंबर की रात करीब एक बजे बेलचंपा रोड के किनारे खड़ा महिंद्रा ट्रैक्टर (जेएच-14के-6114) चोरी हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर बिहार की ओर ले जाया गया है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए गढ़वा पुलिस ने रोहतास के पुलिस अधीक्षक और दरिगांव थाना प्रभारी के सहयोग से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सासाराम के ताराचंडी मंदिर परिसर स्थित पार्किंग स्थल पर छापेमारी कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मामले में रोहतास, बिहार निवासी रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के अटौला निवासी सचिन चौधरी और महेश चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
तीन बाइक और मोबाइल भी बरामद
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस को संदेह है कि आरोपित चोरी की अन्य घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पूछताछ और अनुसंधान के दौरान अन्य चोरी के मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। तीनों गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।







