
जमशेदपुर। गायत्री ज्ञान मंदिर, भालूबासा में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकी तैयार कर उन्हें पालने में विराजमान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार की बहनों ने भजन, गीत-संगीत और नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, भाइयों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके जीवन से जुड़ी ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं।
जन्माष्टमी समारोह में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कई बच्चे भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की वेशभूषा में मुरली हाथ में लेकर पहुंचे, जिससे मंदिर परिसर में विशेष आकर्षण देखने को मिला।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।
आयोजकों के अनुसार, गायत्री ज्ञान मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन लगातार छह दिनों तक किया जाएगा। 9 सितंबर को अपराह्न 3:30 बजे से भगवान श्रीकृष्ण की छठी का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसकी जानकारी नवयुग दल के संयोजक आलोक नारायण सिंह ने दी।





