
रामगढ़: रांची-पटना फोरलेन मार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर के अनियंत्रित होकर कार में पीछे से टक्कर मारने से कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे में मृतका और सभी घायल रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
हादसे में डीएसपी अकरम रजा की मौसी सारा तबस्सुम (45) की मौत हुई है। वहीं उनके मौसा फिरोज राही (48), बहन तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग कार से रांची से रामगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चुटूपालू घाटी में पीछे से आ रहा कंटेनर वाहन (NL 01AB 8418) घाटी में प्रवेश करते ही कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और कंटेनर ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा समेत रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और उनसे मिलकर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कंटेनर के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






