
पलामू। मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के सबनवा गांव के समीप रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी समझाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया।
मृतक की पहचान डाली गांव निवासी शंभू राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शंभू राम स्कूटी से डाली पथ की ओर से मुख्य सड़क पर आ रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदगंज की तरफ से हैदरनगर की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शंभू राम सड़क पर गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से निकल गया। घटना की जानकारी मिलते ही मोहम्मदगंज और हैदरनगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई और उन्होंने मुख्य सड़क पर आवागमन रोक दिया।
स्थिति की जानकारी मिलने पर मोहम्मदगंज बीडीओ सह सीओ रणवीर कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।
पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता
प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की पहल की गई। पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये नकद सहायता देने की व्यवस्था की गई, जबकि संबंधित डीलर को परिवार के लिए 50 किलो चावल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत मिलने वाले नियमानुसार मुआवजे के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा भी प्रशासन की ओर से दिया गया।
लगातार हादसों से ग्रामीण परेशान
सबनवा गांव के पास लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने दुर्घटना संभावित स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और सड़क किनारे मिरर लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि इन उपायों से वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का बेहतर अंदाजा मिल सकेगा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सीओ और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी इन मांगों पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। दुर्घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





