
सोनभद्र: मध्य प्रदेश से पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एनसीएल बीना परियोजना के सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के चलते मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर रमाशंकर मिश्रा की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। शव को करीब 12 घंटे तक घर में छिपाकर रखने के बाद चादर और गमछे में लपेटकर बाहर ले जाया गया और सड़क पर रखकर कार से दो बार कुचलने का प्रयास किया गया।
मृतक रमाशंकर मिश्रा मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बेलवा बड़गैय्यान गांव के रहने वाले थे। रमाशंकर बीना कॉलोनी के बी-264 आवास में पत्नी प्रियंका मिश्रा और दो बेटियों के साथ रहते थे।
पुलिस ने बताया कि 23 अगस्त 2026 को बीना स्टेडियम के पास रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। शुरुआत में यह मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को शनिवार होने के कारण रमाशंकर की ड्यूटी सामान्य समय से पहले समाप्त हो गई। उनकी ड्यूटी शाम लगभग चार बजे समाप्त होती थी और वे पांच बजे तक घर लौटते थे। शनिवार को वह करीब तीन बजे ही अपने आवास पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, घर में उनकी पत्नी प्रियंका मिश्रा अपने कथित प्रेमी विकास चौहान के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिली। प्रियंका ने जब अपने पति को देखा तो बोली, ‘तू अगर पांच बजे आता तो जिंदा रहता, लेकिन आज तीन बजे ही आ गया… अब तेरे 3 तो बजाने ही होंगे।’ यह कहते हुए प्रियंका और विकास ने मिलकर रमाशंकर की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पहले गला दबाया गया और फिर सिर को फर्श पर पटककर उनकी जान ली गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को करीब 12 घंटे तक घर के अंदर छिपाकर रखा। इसके बाद रात में शव को डबल बेड की चादर और दो गमछों में लपेटकर बाहर ले जाया गया।
वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क पर रखा गया। पुलिस का दावा है कि विकास चौहान ने अपने सहयोगियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता के साथ मिलकर शव को सड़क पर रखा और ब्रेजा कार से उसे कुचलने का प्रयास किया। कार को शव के ऊपर दो बार आगे-पीछे किया गया।
पुलिस जांच में घटना के पीछे बीमा अथवा अन्य आर्थिक लाभ हासिल करने की मंशा सामने आने की बात कही गई है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की संपत्ति, जमीन-जायदाद और मृतक आश्रित कोटे की नौकरी को लेकर भी कुछ लोग लालच में थे। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
कालोनी के लोगों के अनुसार, रमाशंकर के ड्यूटी पर जाने के बाद प्रियंका के परिचितों के उसके घर आने-जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं।
मृतक के पिता का आरोप है कि घटना के समय रमाशंकर की दोनों बेटियां भी वहां मौजूद थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को डराकर रखा जाता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा (35), उसके प्रेमी विकास चौहान (25) अनुराग सिंह उर्फ बादल (18) और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार UP 64 AZ 75-66 बरामद की है। इसके अलावा शव को लपेटने में इस्तेमाल डबल बेड की एक चादर और दो गमछे भी बरामद किए गए हैं। बरामदगी के संबंध में पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन, घटनास्थल के भौतिक साक्ष्य तथा अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच से हत्या और शव को दुर्घटना का रूप देने की साजिश की कड़ियां सामने आईं।







