
नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद से फरार चल रहे मकान मालिक हरिराम बंसल को आखिरकार पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे दिल्ली लेकर पहुंची, जहां उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए हरिराम बंसल की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को आशंका थी कि कार्रवाई से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
हादसे के बाद पुलिस टीम ने हरिराम बंसल के पालम विहार स्थित आवास पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर छापेमारी की। लगातार दबाव बनाए जाने के बाद पुलिस को उसके राजस्थान के भिवाड़ी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस हरिराम बंसल से हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इमारत की स्थिति कैसी थी, उसमें निर्माण या मरम्मत से जुड़े कौन-कौन से काम चल रहे थे और हादसे से पहले सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए थे।
सत्य निकेतन हादसे के बाद मालिक की गिरफ्तारी को जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। अब पूछताछ के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।





