
धनबाद: धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में रविवार को यूट्यूबर और ब्लॉगर आर्यन केल्विन के फैंस मीट कार्यक्रम में भारी बवाल हो गया। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और मारपीट के साथ तोड़फोड़ शुरू हो गई।स्टेज के करीब पहुंचने की होड़ में सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरियर टूट गए। इसके बाद कई प्रशंसक पर्दे फाड़कर स्टेज पर चढ़ गए। भीड़ को नियंत्रित करने पहुंचे बाउंसरों के साथ भी धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पंडाल में भी तोड़फोड़ की गई। इससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी जब हालात सामान्य नहीं हुए तो पुलिस ने कार्यक्रम को बंद करा दिया। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
दूसरे राज्यों से भी पहुंचे थे प्रशंसक
फैंस मीट में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। आर्यन केल्विन की लोकप्रियता के चलते कार्यक्रम स्थल पर लगातार भीड़ बढ़ती गई। बड़ी संख्या में प्रशंसकों के एक साथ स्टेज की ओर बढ़ने से सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। कुछ देर बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई और लोग हंगामा करने लगे। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की कोशिशों के बावजूद जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए आखिरकार कार्यक्रम बंद करा दिया।
राजकीय शोक के कारण DJ बजाने पर थी रोक
कार्यक्रम शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की टीम भी गोल्फ ग्राउंड पहुंची थी। बाउंसरों के अलावा पुलिस की गश्ती टीम को भी कार्यक्रम स्थल पर तैनात किया गया था। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय भी कार्यक्रम शुरू होने से पहले मौके पर पहुंचे थे।
थाना प्रभारी ने झारखंड के मंत्री दिव्य कुमार सोरेन के निधन के कारण घोषित दो दिवसीय राजकीय शोक का हवाला देते हुए आयोजकों को डीजे नहीं बजाने का निर्देश दिया था। हालांकि, माइक के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी। आयोजकों ने पुलिस के निर्देश का पालन करते हुए कार्यक्रम में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया।





