
रांची: राजधानी रांची में चतरा के विधायक जनार्धन पासवान के बेटे के कथित अपहरण की खबर से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले विधायक के बेटे को कुछ लोग जबरन अपने साथ लेकर चले गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रांची पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के आसपास की बताई जा रही है। आरोप है कि कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे कुछ लोगों ने विधायक के बेटे के साथ मारपीट की और इसके बाद उसे अपने साथ लेकर चले गए। घटना में स्कॉर्पियो और थार समेत कई वाहनों के इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है।
घटना के बाद विधायक के बेटे की कार कॉलेज के गेट के बाहर खड़ी मिली। इससे मामले को लेकर परिजनों की चिंता और बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पुलिस अब यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध वाहनों की आवाजाही और मौके पर मौजूद लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और छात्र को किस वजह से अपने साथ ले जाया गया।
विधायक जनार्धन पासवान ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने बेटे को जल्द और सुरक्षित बरामद किए जाने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। छात्र की तलाश के साथ-साथ कथित अपहरण की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश जारी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।





