
गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के बाद शव के साथ की गई बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाटीगांव इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने शव के टुकड़े किए, सिर को धड़ से अलग कर काले पॉलीथीन बैग में रखा और फ्रिज में रख दिया। इसके अलावा, महिला के दोनों हाथों की उंगलियां भी काट दी गईं।
मामले का खुलासा रविवार को उस समय हुआ, जब फ्लैट से तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट का ताला तोड़ा और अंदर जांच की तो महिला का धड़ बरामद हुआ। उसकी उंगलियां भी कटी हुई थीं। शव सड़ने लगा था और उसका सिर गायब था। घर की तलाशी लेने पर पुलिस को मृतका का सिर फ्रिज में रखे एक पॉलिथीन बैग में मिला। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि हत्या शव बरामद होने से करीब 48 घंटे पहले की गई थी।
पुलिस ने रिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच के बाद मौत की परिस्थितियों तथा हत्या से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
शव को कुत्तों को खिलाने की थी योजना
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी पति रामानुजन गोस्वामी ने कथित तौर पर उसी कमरे में खाना बनाया और खाया था। इसके बाद उसने शव को काटकर उसके मांस को कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई थी। हालांकि, खाना खाने के बाद वह घर से फरार हो गया और अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सका।
घटना के बाद से फरार चल रहे रामानुजन ने रविवार रात पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों मोबाइल की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के जरिए हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।
छह महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, रिया तालुकदार और रामानुजन गोस्वामी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। रामानुजन का पैतृक घर गौरीपुर में बताया जा रहा है।
रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। उसके परिवार में एक भाई है। वहीं, रामानुजन कैब चलाता था।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर आरोपी ने पत्नी की इतनी निर्मम तरीके से हत्या क्यों की। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या का समय और घटना के बाद आरोपी की गतिविधियों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है, लेकिन हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।




