
हजारीबाग: JPSC और JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों के मुद्दे पर झारखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने छात्रों के समर्थन में चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत की है। आंदोलन के पहले दिन मंगलवार (8 सितंबर) को हजारीबाग में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा के एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में रघुवर दास ने हिस्सा लेते हुए छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की। कार्यक्रम के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने हजारीबाग के डीसी और एसपी को ज्ञापन सौंपा और आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग रखी।
‘छात्रों के हित में हमेशा खड़ी रहेगी भाजपा’
जनसभा को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है।
उन्होंने सरकार से छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
‘अभय तिवारी किसके संरक्षण में इतना बड़ा व्यक्ति बन गया?’
परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के कथित मामले को लेकर रघुवर दास ने सरकार से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है, यह अलग बात है, लेकिन सरकार को यह बताना चाहिए कि अभय तिवारी किसके संरक्षण में इतना बड़ा व्यक्ति बन गया कि परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने लगा।
रघुवर दास ने आरोप लगाया कि इतने बड़े स्तर पर प्रश्नपत्र लीक की घटना सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, छोटी मछलियां पकड़ी जा रही हैं और मगरमच्छ को बचाने के लिए CID जांच का स्वांग रचा जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की, ताकि कथित गड़बड़ी के पीछे जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने आ सके।
‘आंदोलन कर रहे छात्रों को मिल रही धमकी’
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल छात्रों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है, जिसका भाजपा विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा कर उन्हें तत्काल वापस लेना चाहिए। भाजपा ने भी छात्रों के समर्थन में अपना आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
राहुल गांधी पर भी रघुवर दास का हमला
हजारीबाग में रघुवर दास ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इशारे पर हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
रघुवर दास ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और उनके खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमों को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि एक समय राहुल गांधी छात्र आंदोलन का समर्थन कर रहे थे, लेकिन अब छात्रों के साथ हुई कार्रवाई के मुद्दे पर उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।







