
Women Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। दुबई में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 40 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। इसी के साथ भारतीय टीम ने लगातार 10वीं बार फाइनल में जगह बनाई।
भारत के 150 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। बांग्लादेश की ओर से शोरना अख्तर ने सर्वाधिक 22 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। नंदनी शर्मा को 2 विकेट मिले, जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बनाए। भारत की पारी की सबसे बड़ी स्टार शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने 40 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली और टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। शेफाली वर्मा के इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एशिया कप के फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा सेमीफाइनल आज खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। एशिया कप का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई में ही खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।







