
रांची: त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की सेवा अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों का संचालन अब अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक निर्धारित दिनों पर जारी रहेगा। सेवा विस्तार से झारखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के बीच लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के इस फैसले के तहत रांची-आनंद विहार टर्मिनल, शालीमार-चार्लापल्ली और संतरागाछी-अजमेर स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।
रांची-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 02877 रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन का परिचालन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 02878 आनंद विहार टर्मिनल-रांची स्पेशल ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को चलेगी।
शालीमार-चार्लापल्ली स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 08045 शालीमार-चार्लापल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को जारी रहेगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 08046 चार्लापल्ली-शालीमार स्पेशल ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को संचालित की जाएगी।
संतरागाछी-अजमेर स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 08611 संतरागाछी-अजमेर स्पेशल 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 08612 अजमेर-संतरागाछी स्पेशल का परिचालन 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा।
अक्टूबर से दिसंबर के बीच दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ और साल के अंत की छुट्टियों के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों की सेवा अवधि बढ़ाए जाने से लंबी दूरी के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे। इन ट्रेनों के चलने से रांची, खड़गपुर और चक्रधरपुर रेल मंडल के यात्रियों को फायदा होगा।







