{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
कोडरमा: कोडरमा घाटी में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मेघातरी के पास ढलान पर पीछे से आ रहे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। बेकाबू ट्रेलर आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर के केबिन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे चल रहे ट्रेलर के चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। वहीं, दूसरे ट्रेलर में सवार एक व्यक्ति केबिन में काफी देर तक फंसा रहा।
हादसा करीब रात 12 बजे मेघातरी कालीमंडा के समीप कोडरमा घाटी में हुआ। दोनों वाहन घाटी में एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान ढलान पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया।
बेकाबू ट्रेलर ने आगे चल रहे वाहन को मारी टक्कर
ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने ट्रेलर को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन रफ्तार पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते पीछे से आ रहा ट्रेलर आगे वाले ट्रेलर के केबिन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना में आगे चल रहे ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। उसका एक हिस्सा पीछे से टकराने वाले ट्रेलर के केबिन में फंसकर आगे की ओर गिर गया, जबकि दूसरा हिस्सा क्षतिग्रस्त केबिन में ही रह गया।
टक्कर की आवाज से खुल गई लोगों की नींद
जोरदार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद दुकानदारों और घरों में सो रहे लोगों की नींद खुल गई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और वहां चीख-पुकार के साथ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी बीच हादसे की सूचना मिलने पर कोडरमा घाटी हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद निकाला गया घायल
दुर्घटना में दूसरे ट्रेलर में सवार एक व्यक्ति केबिन में फंस गया था। राहत-बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायल का उपचार जारी है।
फिलहाल मृतक और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल होना हादसे की प्रमुख वजह सामने आ रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





