
2024 के विधानसभा चुनाव में थे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी, पैर में फ्रैक्चर के बाद रांची स्थित आवास पर पहुंचकर जाना हालचाल
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। भवनाथपुर के पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही से युवा नेता दीपक प्रताप देव की मुलाकात के बाद इलाके के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। पैर में फ्रैक्चर होने के बाद भानु प्रताप शाही रांची स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसी दौरान दीपक प्रताप देव उनसे मिलने पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी सामने आई है।
इस मुलाकात की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में दोनों नेता अलग-अलग राजनीतिक खेमों में थे। उस चुनाव में दीपक प्रताप देव ने भानु प्रताप शाही के खिलाफ बने राजनीतिक समीकरण में भूमिका निभाई थी। चुनाव में भानु प्रताप शाही को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, चुनाव के बाद राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं और दीपक प्रताप देव ने विधायक अनंत प्रताप देव से अलग होकर अपनी राजनीतिक राह चुन ली। वह वर्ष 2029 का विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा भी जता चुके हैं।
पहले भानु प्रताप शाही ने जाना था दीपक का हाल
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध बने रहने की बात सामने आती रही है। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद सड़क दुर्घटना में दीपक प्रताप देव के घायल होने पर भानु प्रताप शाही भी रांची के अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जानने गए थे। अब भानु प्रताप शाही के पैर में फ्रैक्चर होने के बाद दीपक प्रताप देव उनसे मिलने पहुंचे। इस तरह दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के कठिन समय में कुशलक्षेम पूछने की परंपरा निभाई है।
मुलाकात के राजनीतिक मायने पर चर्चा
दोनों नेताओं की मुलाकात को राजनीतिक विरोध से अलग व्यक्तिगत संबंधों और शिष्टाचार के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव में एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी रहे नेताओं का इस तरह मिलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर दोनों नेताओं की ओर से किसी नए राजनीतिक समीकरण या गठबंधन का संकेत सामने नहीं आया है। ऐसे में फिलहाल इसे कुशलक्षेम पूछने और आपसी शिष्टाचार की मुलाकात के तौर पर देखा जा रहा है।







