
झारखंड वार्ता डेस्क
धनवार (गिरिडीह)। गिरिडीह जिले के धनवार बाजार में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चमड़ा गोदाम स्थित बैंक से अपराधी करीब चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। इस दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बनाए रखा। पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली। हैरानी की बात यह है कि बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
दोपहर 12:44 बजे बैंक में घुसे पांच अपराधी
बैंक प्रबंधक के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने बैंक प्रबंधक के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि अन्य अपराधियों ने हथियार दिखाकर सभी को एक जगह रोक दिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया।
लॉकर से जेवरात और नकदी समेटकर हुए फरार
अपराधियों ने लॉकर में रखे सोने के जेवरात और नकदी समेट ली। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया, जिससे कर्मचारी और ग्राहक अंदर ही फंसे रह गए।
विरोध करने पर ग्राहक के साथ मारपीट
घटना के समय बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे ग्राहक मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने अंदर आते ही सभी लोगों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में कर लिया था। अपराधियों ने उनसे भी रुपये मांगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
आसपास के लोगों ने खोला बैंक का ताला
अपराधियों के भागने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मुख्य दरवाजे पर लगा ताला खोलकर कर्मचारियों एवं ग्राहकों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे। कुछ देर बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही अपराधियों के बैंक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्तों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
थाना से महज 200 मीटर दूर वारदात से दहशत
धनवार थाना से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है। अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक बैंक में लूटपाट की और फिर आसानी से फरार हो गए। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।







